Wednesday, January 30, 2008

धरती के पास से गुज़रेगा एस्टेरॉयड

एक बड़ा एस्टेरॉयड पृथ्वी के पास से गुज़रने वाला है.पिछले 20 वर्षों में ये धरती के सबसे नज़दीक से गुज़रने वाला एस्टेरॉयड है. इसे 2007 टीयू 24 नाम दिया गया है. भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह दो बजे के आस-पास ये धरती के सबसे करीब होगा.
इस 600 मीटर लंबे एस्टेरॉयड या ग्रहिका को ऐसे टेलिस्कोप के ज़रिए देखा जा सकता है जो तीन इंच या उससे बड़े हैं.
अगर आसमान साफ़ रहा तो इसे देखना मुमकिन होगा वरना 20 साल का इंतज़ार करना होगा.
ये एस्टेरॉयड 538000 किलोमीटर की दूरी पर से गुज़रेगा.
कुछ जगह ये कहा जा रहा है कि ये एस्टेरॉयड पृथ्वी के लिए ख़तरा बन सकता है.
लेकिन अमरीकी अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र नासा के डॉनल्ड योमैन्स इसे सरासर ग़लत बताते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि ये एस्टेरॉयड दुनिया के लिए ख़तरा नहीं हैं.
खगोलशास्त्री ये जानने के इच्छुक हैं कि इस एस्टेरॉयड का कोई ठोस आकार है या फिर ये अंतरिक्ष में मल्बे जैसा कुछ है.
अगर इसके आकार का पता चल गया तो फिर उससे वैज्ञानिकों को एस्टेरॉयड को जानने समझने में मदद मिलेगी.
वैसे इसके पृथ्वी से टकराने के आसार नहीं है. लेकिन अगर ये पृथ्वी से टकराता है तो इसके परिणाम बहुत ही घातक होते हैं. कहा जाता है कि पृथ्वी से डायनासॉर के लुप्त होने में इसी की भूमिका थी.
करीब डेढ़ साल पहले, 2004 एक्सपी 14 नाम का एस्टेरॉयड धरती के पास से गुज़रा था.
किसी भी एस्टेरॉयड के नाम में वो वर्ष शामिल रहता है जब पहली बार उसके बारे में पता चला था.

एक शराबी की सूक्तियां

और इतने दिन बाद एक बार फिर कुछ लिखने की सूझीं और चल पड़ा लिखने
कृष्ण कल्पित, जो कि हिंदी में खूब पढे जाने वाले कवि हैं, इन दिनों अपने एक काम से खासी सुर्खियों में हैं.वह काम है उनकी नइ रचना एक शराबी की सूक्तियां जिसे पूरा का पूरा यहां पेश कर रहा हूंएक
शराबी के लिएहर रातआखिरी रात होती है.
शराबी की सुबहहर रोजएक नयी सुबह.
दो
हर शराबी कहता हैदूसरे शराबी सेकम पिया करो.
शराबी शराबी केगले मिलकर रोता है.शराबी शराबी केगले मिलकर हंसता है.
तीन
शराबी कहता हैबात सुनोऐसी बातफिर कहीं नहीं सुनोगे.
चार
शराब होगी जहांवहां आसपास ही होगाचना चबैना.
पांच
शराबी कवि ने कहाइस बार पुरस्कृत होगावह कविजो शराब नहीं पीता.
छह
समकालीन कवियों मेंसबसे अच्छा शराबी कौन है?समकालीन शराबियों मेंसबसे अच्छा कवि कौन है?
सात
भिखारी को भीख मिल ही जाती हैशराबी को शराब.
आठ
मैं तुमसे प्यार करता हूं
शराबी कहता हैरास्ते में हर मिलने वाले से.
नौ
शराबी कहता हैमैं शराबी नहीं हूं
शराबी कहता हैमुझसे बेहतर कौन गा सकता है?
दस
शराबी की बात का विश्वास मत करना.शराबी की बात का विश्वास करना.
शराबी से बुरा कौन है?शराबी से अच्छा कौन है?
ग्यारह
शराबीअपनी प्रिय किताब के पीछेछिपाता है शराब.
बारह
एक शराबी पहचान लेता हैदूसरे शराबी को
जैसे एक भिखारी दूसरे को.
तेरह
थोडा सा पानीथोडा सा पानी
सारे संसार के शराबियों के बीचयह गाना प्रचलित है.
चौदह
स्त्रियां शराबी नहीं हो सकतींशराबी को हीहोना पडता है स्त्री.
पंद्रह
सिर्फ शराब पीने सेकोई शराबी नहीं हो जाता.
सोलह
कौन सी शराबशराबी कभी नहीं पूछता
सत्रह
आजकल मिलते हैंसजे-धजे शराबी
कम दिखाई पडते हैं सच्चे शराबी.
अठारह
शराबी से कुछ कहना बेकार.शराबी को कुछ समझाना बेकार.
उन्नीस
सभी सरहदों से परेधर्म, मजहब, रंग, भेद और भाषाओं के पारशराबी एक विश्व नागरिक है.
बीस
कभी सुना हैकिसी शराबी को अगवा किया गया?
कभी सुना हैकिसी शराबी को छुडवाया गया फिरौती देकर?
इक्कीस
सबने लिक्खा - वली दक्कनीसबने लिक्खे - मृतकों के बयानकिसी ने नहीं लिखावहां पर थी शराब पीने पर पाबंदीशराबियों से वहांअपराधियों का सा सलूक किया जाता था.
बाईस
शराबी के पासनहीं पायी जाती शराबहत्यारे के पास जैसेनहीं पाया जाता हथियार.
तेईस
शराबी पैदाइशी होता हैउसे बनाया नहीं जा सकता.
चौबीस
एक महफिल मेंकभी नहीं होतेदो शराबी.
पच्चीस
शराबी नहीं पूछता किसी सेरास्ता शराबघर का.
छब्बीस
महाकवि की तरहमहाशराबी कुछ नहीं होता.
सत्ताईस
पुरस्कृत शराबियों के पासबचे हैं सिर्फ पीतल के तमगेउपेक्षित शराबियों के पासअभी भी बची हैथोडी सी शराब.
अट्ठाईस
दिल्ली के शराबी कोकौतुक से देखता हैपूरब का शराबी
पूरब के शराबी कोकुछ नहीं समझताधुर पूरब का शराबी.
उनतीस
शराबी से नहीं लिया जा सकताबच्चों को डराने का काम.
तीस
कविता का भी बन चला है अबछोटा मोटा बाजार
सिर्फ शराब पीना ही बचा है अबस्वांतः सुखय कर्म.
इकतीस
बाजार कुछ नही बिगाड पायाशराबियों का
हलांकि कई बार पेश किये गयेप्लास्टिक के शराबी.
बत्तीस
आजकल कवि भी होने लगे हैं सफल
आज तक नहीं सुना गयाकभी हुआ है कोई सफल शराबी.
तैंतीस
कवियों की छोडिएकुत्ते भी जहां पा जाते हैं पदककभी नहीं सुना गयाकिसि शराबी को पुरस्कृत किया गया.
चौंतीस
पटना का शराबी कहना ठीक नहीं
कंकडबाग के शराबी सेकितना अलग और अलबेला हैइनकमटैक्स गोलंबर का शराबी.
पैंतीस
कभी प्रकाश में नहीं आता शराबी
अंधेरे में धीरे धीरेविलीन हो जाता है.
छत्तीस
शराबी के बच्चेअक्सर शराब नहीं पीते.
सैंतीस
स्त्रियां सुलाती हैंडगमगाते शराबियों को
स्त्रियों ने बचा रखी हैशराबियों की कौम
अडतीस
स्त्रियों के आंसुओं से जो बनती हैउस शराब काकोई जवाब नहीं.
उनचालीस
कभी नहीं देखा गयाकिसी शराबी कोभूख से मरते हुए.
चालीस
यात्राएं टालता रहता है शराबी
पता नही वहां परकैसी शराब मिलेकैसे शराबी!
इकतालीस
धर्म अगर अफीम हैतो विधर्म है शराब
बयालीस
समरसता कहां होगीशराबघर के अलावा?
शराबी के अलावाकौन होगा सच्चा धर्मनिरपेक्ष
तैंतालीस
शराब ने मिटा दियेराजशाही, रजवाडे और सामंत
शराब चाहती है दुनिया मेंसच्चा लोकतंत्र
चवालीस
कुछ जी रहे हैं पीकरकुछ बगैर पिये.
कुछ मर गये पीकरकुछ बगैर पिये.
पैंतालीस
नहीं पीने में जो मजा हैवह पीने में नहींयह जाना हमने पीकर.
छियालीस
इंतजार में हीपी गये चार प्याले
तुम आ जातेतो क्या होता?
सैंतालीस
तुम नहीं आयेमैं डूब रहा हूं शराब में
तुम आ गये तोशराब में रोशनी आ गयी.
अडतालीस
तुम कहां होमैं शराब पीता हूं
तुम आ जाओमैं शराब पीता हूं.
उनचास
तुम्हारे आने परमुझे बताया गया प्रेमी
तुम्हारे जाने के बादमुझे शराबी कहा गया.
पचास
देवताओ, जाओमुझे शराब पीने दो
अप्सराओ, जाओमुझे करने दो प्रेम.
इक्यावन
प्रेम की तरहशराब पीने कानहीं होता कोई समय
यह समयातीत है.
बावन
शराब सेतु हैमनुष्य और कविता के बीच.
सेतु है शराबश्रमिक और कुदाल के बीच.
तिरेपन
सोचता है जुलाहाकाश!करघे पर बुनी जा सकती शराब.
चव्वन
कुम्हार सोचता हैकाश!चाक पर रची जा सकती शराब.
पचपन
सोचता है बढईकाश!आरी से चीरी जा सकती शराब.
छप्पन
स्वप्न है शराब!
जहालत के विरुद्धगरीबी के विरुद्धशोषण के विरुद्धअन्याय के विरुद्ध
मुक्ति का स्वप्न है शराब!
क्षेपक
पांडुलिपि की हस्तलिपि भले उलझन भरी हो, लेकिन उसे कलात्मक कहा जा सकता है. इसे स्याही झरने वाली कलम से जतन से लिखा गया था. अक्षरों की लचक, मात्राओं की फुनगियों और बिंदु, अर्धविराम से जान पडता है कि यह हस्तलिपि स्वअर्जित है. पूर्णविराम का स्थापत्य तो बेजोड है- कहीं कोई भूल नहीं. सीधा सपाट, रीढ की तरह तना हुआ पूर्णविराम. अर्धविराम ऐसा, जैसा थोडा फुदक कर आगे बढा जा सके.
रचयिता का नाम कहीं नहीं पाया गया. डेगाना नामक कस्बे का जिक्र दो-तीन स्थलों पर आता है जिसके आगे जिला नागौर, राजस्थान लिखा गया है. संभवतः वह यहां का रहने वाला हो. डेगाना स्थित 'विश्वकर्मा आरा मशीन' का जिक्र एक स्थल पर आता है- जिसके बाद खेजडे और शीशम की लकडियों के भाव लिखे हुए हैं. बढईगिरी के काम आने वाले राछों (औजारों) यथा आरी, बसूला, हथौडी आदि का उल्लेख भी एक जगह पर है. हो सकता है वह खुद बढाई हो या इस धंधे से जुडा कोई कारीगर. पांडुलिपि के बीच में 'महालक्ष्मी प्रिंटिंग प्रेस, डीडवाना' की एक परची भी फंसी हुई थी, जिस पर कंपोजिंग, छपाई और बाईंडिंग का 4375 (कुल चार हजार तीन सौ पचहत्तर) रुपये का हिसाब लिखा हुआ है. यह संभवतः इस पांडुलिपि के छपने का अनुमानित व्यय था- जिससे जान पडता है कि इस 'कितबिया' को प्रकाशित कराने की इच्छा इसके रचयिता की रही होगी.
रचयिता की औपचारिक शिक्षा दीक्षा का अनुमान पांडुलिपि से लगाना मिश्किल है - यह तो लगभग पक्का है कि वह बीए एमए डिग्रीधारी नहीं था. यह जरूर हैरान करने वाली बात है कि पांडुलिपि में अमीर खुसरो, कबीर, मीर, सूर, तुलसी, गालिब, मीरा, निराला, प्रेमचंद, शरतचंद्र, मंटो, फिराक, फैज, मुक्तिबोध, भुवनेश़वर, मजाज, उग्र, नागार्जुन, बच्चन, नासिर, राजकमल, शैलेंद्र, ऋत्विक घटक, रामकिंकर, सिद्धेश्वरी देवी की पंक्तियां बीच-बीच में गुंथी हुई हैं. यह वाकई विलक्षण और हैरान करने वाली बात है. काल के थपेडों से जूझती हुई, होड लेती हुई कुछ पंक्तियां किस तरह रेगिस्तान के एक 'कामगार' की अंतरआत्मा पर बरसती हैं और वहीं बस जाती हैं- जैसे नदियां हमारे पडोस में बसती हैं.
कृ.क.पटना, 13 फरवरी 2005बसंत पंचमी
सत्तावन
कहीं भी पी जा सकती है शराब
खेतों में खलिहानों मेक्षछार में या उपांत मेंछत पर या सीढियों के झुटपुटे मेंरेल के डिब्बे मेंया फिर किसी लैंपपोस्ट कीझरती हुई रोशनी में
कहीं भी पी जा सकती है शराब.
अठावन
कलवारी में पीने के बादमृत्यु और जीवन से परेवह अविस्मरणीय नृत्य'ठगिनी क्यों नैना झमकावै'
कफन बेच कर अगरघीसू और माधो नहीं पीते शराबतो यह मनुष्यता वंचित रह जातीएक कालजयी कृति से.
उनसठ
देवदास कैसे बनता देवदासअगर शराब न होती.
तब पारो का क्या होताक्या होता चंद्रमुखी काक्या होतारेलगाडी की तरहथरथराती आत्मा का?
साठ
उन नीमबाज आंखों मेंसारी मस्तीकिसकी सी होतीअगर शराब न होती!
आंखों में दमकिसके लिए होताअगर न होता सागर-ओ-मीना?
इकसठ
अगर न होती शराबवाइज का क्या होताक्या होता शेख सहब का
किस कामा लगते धर्मोपदेशक?
बासठ
पीने दे पीने देमस्जिद में बैठ कर
कलवारियांऔर नालियां तोखुदाओं से अटी पडी हैं.
तिरेसठ
'न उनसे मिले न मय पी है'
'ऐसे भी दिन आएंगे'
काल पडेगा मुल्क मेंकिसान करेंगे आत्महत्याएंऔर खेत सूख जाएंगे.
चौंसठ
'घन घमंड नभ गरजत घोराप्रियाहीन मन डरपत मोरा'
ऐसी भयानक रातपीता हूं शराबपीता हूं शराब!
पैंसठ
'हमन को होशियारी क्याहमन हैं इश्क मस्ताना'
डगमगाता है श़राबीडगमगाती है कायनात!
छियासठ
'अपनी सी कर दीनी रेतो से नैना मिलाय के'
तोसे तोसे तोसेनैना मिलाय के
'चल खुसरो घर आपनेरैन भई चहुं देस'
सडसठ
'गोरी सोई सेज परमुख पर डारे केस'
'उदासी बाल खोले सो रही है'
अब बारह का बजर पडा हैमेरा दिल तो कांप उठा है.
जैसे तैसे जिंदा हूंसच बतलाना तू कैसा है.
सबने लिक्खे माफीनामे.हमने तेरा नाम लिखा है.
अडसठ
'वो हाथ सो गये हैंसिरहाने धरे धरे'
अरे उठ अरे चलशराबी थामता है दूसरे शराबी को.
उनहत्तर
'आये थे हंसते खेलते'
'यह अंतिम बेहोशीअंतिम साकीअंतिम प्याला है'
मार्च के फुटपाथों परपत्ते फडफडा रहे हैंपेडों से झड रही हैएक स्त्री के सुबकने की आवाज.
सत्तर
'दो अंखियां मत खाइयोपिया मिलन की आस'
आस उजडती नहीं हैउजडती नहीं है आस
बडबडाता है शराबी.
इकहत्तर
कितना पानी बह गयानदियों में'तो फिर लहू क्या है?'
लहू में घुलती है शराबजैसे शराब घुलती है शराब में.
बहत्तर
'धिक् जीवनसहता ही आया विरोध'
'कन्ये मैं पिता निरर्थक था'
तरल गरल बाबा ने कहा'कई दिनों तक चूल्हा रोयाचक्की रही उदास'
शराबी को याद आयी कविताकई दिनों के बाद
तिहत्तर
राजकमल बढाते हैं चिलमउग्र थाम लेते हैं.
मणिकर्णिका घाट पररात के तीसरे पहरभुवनेश्वर गुफ्तगू करते हैं मजाज से.
मुक्तिबोध सुलगाते हैं बीडीएक शराबीमांगता है उनसे माचिस.
'डासत ही गयी बीत निशा सब'.
चौहत्तर
'मौसे छलकिए जाय हाय रे हायहाय रे हाय'
'चलो सुहाना भरम तो टूटा'
अबे चललकडी के बुरादेघर चल!
सडक का हुस्न है शराबी!
पचहत्तर
'सब आदमी बराबर हैंयह बात कही होगीकिसी सस्ते शराबघर मेंएक बदसूरत शराबी नेकिसी सुंदर शराबी को देख कर.'
यह कार्ल मार्क्स के जन्म केबहुत पहले की बात होगी!
छिहत्तर
मगध में होगीविचारों की कमी
शराबघर तो विचारों से अटे पडे हैं.
सतहत्तर
शराबघर ही होगी शायदआलोचना कीजन्मभूमि!
पहला आलोचक कोई शराबी रहा होगा!
अठहत्तररूप और अंतर्वस्तुशिल्प और कथ्यप्याला और शराब
विलग होते हीबिखर जाएगी कलाकृति!
उनासी
तुझे हम वली समझतेअगर न पीते शराब.
मनुष्य बने रहने के लिए हीपी जाती है शराब!
अस्सी
'होगा किसी दीवार केसाये के तले मीर'
अभी नहीं गिरेगी यह दीवारतुम उसकी ओट में जाकरएक स्त्री को चूम सकते हो
शराबी दीवार को चूम रहा हैचांदनी रात में भीगता हुआ.
इक्यासी
'घुटुकन चलतरेणु तनु मंडित'
रेत पर लोट रहा है रेगिस्तान का शराबी
'रेत है रेत बिखर जाएगी'
किधर जाएगीरात की यह आखिरी बस?
बयासी
भंग की बूटीगांजे की कलीखप्पर की शराब
कासी तीन लोक से न्यारीऔर शराबीतीन लोक का वासी!
तिरासी
लैंप पोस्ट से झरती है रोशनीहारमोनियम से धूल
और शराबी से झरता हैअवसाद.
चौरासी
टेलीविजन के परदे परबाहुबलियों की खबरें सुनाती हैंबाहुबलाएं!
टकटकी लगाये देखता है शराबीविडंबना का यह विलक्षण रूपक
भंते! एक प्याला और.
पिचासी
गंगा के किनारेउल्टी पडी नाव पर लेटा शराबीकौतुक से देखता हैमहात्मा गांधी सेतु को
ऐसे भी लोग हैं दुनिया में'जो नदी को स्पर्श किये बगैरकरते हैं नदियों को पार'और उछाल कर सिक्कानदियों को खरीदने की कोशिश करते हैं!
छियासी
तानाशाह डरता हैशराबियों सेतानाशाह डरता हैकवियों सेवह डरता है बच्चों से नदियों सेएक तिनका भी डराता है उसे
प्यालों की खनखनाहट भर सेकांप जाता है तानाशाह.
सतासी
क्या मैं ईश्वर सेबात कर सकता हूं
शराबी मिलाता है नंबरअंधेरे में टिमटिमाती है रोशनी
अभी आप कतार में हैंकृपया थोडी देर बाद डायल करें.
अठासी
'एहि ठैयां मोतियाहिरायल हो रामा...'
इसी जगह टपका था लहूइसी जगह बरसेगी शराबइसी जगहसृष्टि का सर्वाधिक उत्तेजक ठुमकासर्वाधिक मार्मिक कजरी
इसी जगह इसी जगह
नवासी
'अंतर्राष्ट्रीय सिर्फहवाई जहाज होते हैंकलाकार की जडें होती हैं'
और उन जडों कोसींचना पडता है शराब से!
नब्बे
जिस पेड के नीचे बैठ करऋत्विक घटककुरते की जेब से निकालते हैं अद्-धा
वहीं बन जाता है अड्डा
वहीं हो जाता हैबोधिवृक्ष!
इकरानवे
सबसे बडा अफसानानिगारसबसे बडा शाइरसबसे बडा चित्रकारऔरा सबसे बडा सिनेमाकार
अभी भी जुटते हैंकभी कभीकिसी उजडे हुए शराबघर में!
बानवे
हमें भी लटका दिया जाएगाकिसी रोज फांसी के तख्ते परधकेल दिया जाएगासलाखों के पीछे
हमारी भी फाकामस्तीरंग लाएगी एक दिन!
तिरानवे(मंटो की स्मृति में)
कब्रगाह में सोया है शराबीसोचता हुआ
वह बडा शराबी हैया खुदा!
चौरानवे
ऐसी ही होती है मृत्युजैसे उतरता है नशा
ऐसा ही होता है जीवनजैसे चढती है शराब.
पिचानवे
'हां, मैंने दिया है दिलइस सारे किस्से मेंये चांद भी है शामिल.'
आंखों में रहे सपनामैं रात को आऊंगादरवाजा खुला रखना.
चांदनी में चिनाबहोठों पर माहिएहाथों में शराबऔर क्या चाहिए!
छियानवे
रिक्शों पर प्यार थागाडियों में व्यभिचार
जितनी बडी गाडी थीउतना बडा था व्यभिचार
रात में घर लौटता शराबीखंडित करता है एक विखंडित वाक्यवलय में खोजता हुआ लय.
सतानवे
घर टूट गयारीत गया प्यालाधूसर गंगा के किनारेप्रस्फुटित हुआ अग्नि का पुष्पसांझ के अवसान में हुआदेह का अवसान
षरती से कम हो गया एक शराबी!
अठानवे
निपट भोर में'किसी सूतक का वस्त्र पहने'वह योवा शराबीकल के दाह संस्कार कीराख कुरेद रहा है
क्या मिलेगा उसेटूटा हुआ प्याला फेंका हुआ सिक्काया पहले तोड की अजस्र धार!
आखिर जुस्तजू क्या है?

Monday, September 10, 2007

नवाज शरीफ की वापसी फिर जबरन देशनिकाला

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ सात वर्षों तक निर्वासित जीवन बिताने के बाद इस्लामाबाद पहुंच गए हैं।लंदन से पीआईए की उड़ान संख्या 786 से चले शरीफ़ अब इस्लामाबाद एयरपोर्ट पहुंच गए हैं जहां एयरपोर्ट को सील कर दिया गया और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। मगर अफसोस कि परवेज साहब ने उन्हें देश में घुसने नहीं दिया और जबरन उन्हें जेद्दा भेज दिया गया। नवाज शरीफ के आने की खबर पाते ही देश में सार्वजनिक रैलियों पर प्रतिबंध लगा दिया है और एयरपोर्ट को चारों ओर से सुरक्षा बलों ने घेर रखा है। इस्लामाबाद एयरपोर्ट के रास्ते में पुलिस ने अवरोध लगा दिए हैं और हर जगह पुलिसकर्मी तैनात है क्योंकि बड़ी संख्या में लोग नवाज़ शरीफ़ का स्वागत करने एयरपोर्ट जाना चाहते हैं। कल रात नवाज़ शरीफ़ की पार्टी मुस्लिम लीग नवाज़ के कार्यालयों पर छापे मारे गए और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। कहा जा रहा है कि नवाज़ शरीफ़ इस्लामाबाद पहुंचने के बाद एक बड़े जूलूस के साथ लाहौर जाना चाहते हैं लेकिन सैनिक सरकार कोशिश कर रही है ऐसा कोई जूलूस आयोजित न हो। हालांकि नवाज शरीफ को जबरन वापस भेजने के लिए पाकिस्तान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले को नज़रअंदाज़ कर दिया जिसके तहत नवाज़ शरीफ़ को वापस आने की अनुमति दी गई थी।ग़ौरतलब है कि कुछ दिन पहले पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें स्वदेश लौटने की अनुमति दे दी थी। 1999 में नवाज़ शरीफ़ का तख़्ता पलट दिया गया था और अगले साल उन्हें पाकिस्तान से निर्वासित कर दिया गया था।नवाज़ शरीफ़ की वापसी ऐसे समय में हो रही है जब पाकिस्तान में राष्ट्रपति मुशर्रफ़ के लिए स्थितियां बेहतर नहीं हैं। हालांकि नवाज को जबरन जेद्दा भेजकर पाकिस्तान सरकार यह भले सोच रही हो कि उसने जीत हासिल कर लिया है मगर शायद उसकी परेशानियां कम नहीं हुई है। जनता का प्रतिरोध अपने चरम पर है। ऐसे में इसे दबा पाना उसके लिए आसान नहीं होगा। फिर मुर्शरफ साहब को अंतरराष्ट्रीय मंच पर जबाब भी देना होगा।

Sunday, September 9, 2007

आईएईए का सनसनीखेज खुलासा ईरान ने लगाए दो हजार सेंट्रीफ्यूज

ईरान के मामले ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। पिछले दिनों अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने ईरान के साथ इस बात पर सहमति जताई थी कि वो अपने परमाणु संबंधी विवादों को दो महीने में हल कर लेगा। मगर हाल ही में आईएईए ने अपनी एक रिपोर्ट जारी की है जिसमें कहा गया है कि ईरान ने भले ही विवाद हल करने में अपनी रुचि दिखाई है मगर अब तक वह अपने घोषित कार्यक्रम के अनुसार दो- तिहाई सेंट्रीफ्यूज लगा चुका है और अब वो इस स्थिति में आ चुका है कि हल के लिए उसे कोई मजबूर नहीं कर सकता। आईएईए की यह रिपोर्ट बोर्ड के सदस्यों के बीच जारी की गई है। रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल जून-जुलाई में ईरान ने कहा था कि उसे अपने परमाणु कार्यक्रम के लिए तीन हजार सेंट्रीफ्यूज लगाने हैं और अगस्त तक उसने जितने सेंट्रीफ्यूज लगाए हैं उसमें से दो हजार सक्रिय हो चुके हैं। तीन सितंबर को एक सा‌क्षात्कार में आईएईए के चेयरमैन मोहम्मद अलबरदेई ने इस बात को स्वीकार किया था। गौरतलब है कि गैस सेंट्रीफ्यूज का इस्तेमाल यूरेनियम संवर्द्धन में किया जाता है। दरअसल यूरेनियम के भारी आइसोटोप जब यूरेनियम हेक्साफ्लोराइड गैस में बदलते हैं तो वे सेंट्रीफ्यूज के दीवारों से टकराकर संतृप्त यूरेनियम-२३५ बनाते हैं। इसके बार हजारों सेंट्रीफ्यूज मिलकर इस यूरेनियम को इतना संवर्द्धित कर देते हैं कि इसके साढ़े तीन प्रतिशत संवर्द्धन में ही परमाणु रियेक्टर चलाया जा सकता है और नब्बे फीसदी संवर्द्धन के बाद परमाणु बम बनाया जा सकता है। दूसरी तरफ ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने भी इसी सप्ताह घोषणा की थी कि उनका मुख्य उद्देश्य तीन हजार सेंट्रीफ्यूज स्थापित करना है ताकि राष्ट्रीय अखंडता को सुरक्षित रखा जा सके। मगर आईएईए की रिपोर्ट में हुए खुलासे के बाद एक बार फिर बहस तेज हो गई है। जानकारों के अनुसार अमेरिका इस सारे मामले पर आईएईए के अध्यक्ष अलबरदेई को जिम्मेदार मान रहा है। उसका मानना है कि जब ईरान पर प्रतिबंध और हमले की बात कही जा रही थी तब आईएईए ने ही सबसे पहले विरोध जताया था और उसी के कारणा ऐसा संभव नहीं हो पाया था। अमेरिकी दृष्टिकोण का समर्थन वाशिंगटन पोस्ट ने भी अपने बुधवार के संपादकीय में किया है। कुल मिलाकर एक बार फिर आईएईए ने ईरान के मसले को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बहस का मुद्दा बना दिया है। मगर इस बार इसके लिए निशाना हैं खुद आईएईए के अध्यक्ष। वैसे भी अलबरदेई का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। नए कार्यकाल में पद पर दोबारा आने के लिए उन्हें समर्थन मिल पाएगा या नहीं यह तो भविष्य के गर्त में हैं मगर ईरान के दो हजार सेंट्रीफ्यूज स्थापित और सक्रिय होने की खबर ने कईयों के होश अवश्य उड़ा दिए हैं।

सम्राज्यवाद की नंगई

जान ब्लेमी फॉस्टर
11 सितंबर, 2001 की घटना के बाद अमेरिका की हरकतों को देखकर लगने लगा है कि वो एक नए किस्म का सैन्यवाद और सम्राज्यवाद तैयार कर रहा है। वैसे अमेरिका के लिए न तो सैन्यवाद नया है और न ही सम्राज्यवाद। अपने शुरुआती समय से ही यह महाद्वीपों से लेकर वैश्विक स्तर पर अपनी विस्तारवादी ताकत का मुजाहिरा करता रहा है। बदलाव केवल इतना है कि अब वो खुले तौर पर इन सब कामों को अंजाम दे रहा है। वो बिना किसी लागलपेट के अपनी महत्वाकांक्षा का दायरा बढ़ा रहा है। विदेशी संबंधों की परिषद से जुड़े मैक्स बूट मानते हैं कि "इन दिनों अमेरिका इराक और बाकी दुनिया में बड़े खतरे का सामना कर रहा है .. इन खतरों से निपटने के लिए पूरी ताकत का इस्तेमाल सिर्फ इसलिए नहीं कर रहा है कि कहीं उसपर सम्राज्यवाद का आरोप न लग जाय। ऐतिहासिक रूप से इस एक शब्द के साथ इतने कारनामें चिपके हैं कि अब इस शब्द से शर्मशार होने के बजाय इसके वास्तविक प्रयोग से शर्मशार होना चाहिए "। उनका कहना है कि अमेरिका को अपने सम्राज्यवादी शासन को बेझिझक बिना किसी माफीनामे के शर्मशार होने के लिए तैयार हो जाना चाहिए "। अगर वाशिंगटन की योजना इराक में स्थाई आधार की नहीं है तो उसे महज अमेरिकी साम्राज्यवाद की नाक बचाने के नाम पर नाराज होनेवालों की परवाह तो बिल्कुल नहीं करनी चाहिए "( अमेरिकन इंपेरलिज्म?: नो नीड टू रन फ्रॉम द लेवल," यूएसए टुडे, 6 मई, 2003)। कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के अंतरराष्ट्रीय विकास अध्ययन से जुड़े दो प्रोफेसर दीपक लाल और जेम्स एस कोलमैन भी ऐसी ही कुछ सलाह देते हुए कहते हैं "पैक्स अमेरिकाना के लिए सबसे पहला और जरूरी काम मध्यएशिया में एक नई व्यवस्था के रास्तों की तलाश करना होगा।...लेकिन इस तरह के बदलाव को ज्यादातर लोग सम्राज्यवादी चाल से जोड़कर देखेंगे। और इस कदम को मध्यएशिया के तेल के खजाने पर कब्जे से जोड़कर देखा जाएगा। लेकिन इस तरह की आपत्तियों पर बहुत ज्यादा कान देने की जरूरत नहीं हैं चाहे वो सम्राज्यवादी ही क्यों न लगे। (द इंपेरियल टेंस (2003)- संपादक -एंड्र्यू बेसेविच में इन डिफेंस ऑफ एंपायर्स लेख से) हालांकि इन विचारों में नवरूढ़िवादिता पूरी तरह मौजूद है लेकिन आज अमेरिकी विदेश नीति की मुख्यधारा में इसकी तूती बोलती है। लेकिन सच्चाई ये है कि मौजूदा अमेरिकी विस्तार को लेकर अमेरिकी सत्ता प्रतिष्ठान में छोटे स्तर पर ही सही एक विरोध का स्वर भी है। इवो दाल्देर और जेम्स लिंडसे जैसे ब्रोकिंग इंस्टीट्यूशन के सिनियर फेलो तो मानते हैं कि वास्तव में बहस सम्राज्य को लेकर नहीं बल्कि उसके स्वरूप पर है। (न्यूयार्क टाइम्स, 10 मई 2003) हार्वर्ड विश्वविद्यालय के मानव अधिकार नीति बनाने वाले विभाग के निदेशक मिशेल इग्नेतेफ खुलैतौर पर कहते हैं कि यह एक नए सम्राज्यवाद का दौर है ..सिद्धांत में तो यह मानवीय दिखता है लेकिन व्यवहार में पूरी तरह साम्राज्यवादी चरित्र लिए हुए है। इसने एक उपसंप्रुभता जैसी स्थिति तैयार की है जिसमें केवल सैद्धांतिक तौर पर स्वतंत्रता की अनुगूंज है, व्यावहारिक तौर पर आप उसे कहीं से महसूस नहीं कर सकते हैं। यही वजह है कि अमेरिकन अफगानिस्तान से लेकर बाल्कन जैसे इलाकों तक में मौजूद हैं। वे इन क्षेत्रों में एक सम्राज्यवादी सत्तातंत्र को बनाए हुए हैं जो कि पूरी तरह अमेरिकी हित में काम करता है। वे वहां बर्बरता के खतरे से निपटने के लिए हैं । रोम की तर्ज पर "सम्राज्यवादी बुनावट और व्यवस्था " को स्थापित करने की जिम्मेदारी पश्चिम के इस अंतिम सैन्य राज्य और सम्राज्यवादी देश अमेरिका की है। हम अब बर्रबरता के खिलाफ उठ खड़े हुए हैं..इन्हे दंड देने कुछ लोग पहुंच चुके हैं और बाकी पहुंचने वाले हैं "। ("The Challenges of American Imperial Power," Naval War College Review, Spring 2003). ये सब अमेरिकी सम्राज्य के वास्तविक ताकत को ही प्रदर्शित करता है। 2002 में जारी की गई अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति की प्रस्तावना में राष्ट्रपति जार्ज बुश घोषणा करते हुए कहते हैं कि सोवियत संघ के पतन के बाद राष्ट्र के सफल होने का केवल एक स्थाई मॉडल बचता है जिसमें शामिल है स्वतंत्रता , लोकतंत्र और मुक्त उद्यमशीलता। और यह सब अमेरिकी पूंजीवाद के साथ सही तरीके से फिट हो गया है। इस तरह के मॉडल के दिशा निर्देशों की अवहेलना करने वाला समाज गर्त में गया है और आगे भी जाता रहेगा। अमेरिकी समाज अपनी सुरक्षा के लिए खतरे की शुरुआत यहीं से मानता है। इस दस्तावेज का ज्यादातर हिस्सा आनेवाले दिनों में धरती पर वाशिग्टन के काबिज होने और रणनीति की योजनाओं से भरा हुआ है। यह साफतौर पर सुरक्षापूर्व आक्रमण के बहाने उन देशों के खिलाफ जंग का ऐलान है जो अमेरिकी या उसके सहयोगियों के दबदबे के लिए खतरा या फिर चुनौती बननेवाले हैं। नई राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति में किसी भी ऐसे देश के खिलाफ भविष्य में सैन्य हस्तक्षेप के विकल्प पर मुहर लगी है जो अमेरिकी प्रतिद्वंदी के रूप में उभरने की कोशिश करते हैं। 13 अप्रैल 2004 को अमेरिकी राष्ट्रपति तथाकथित दुश्मनों के खिलाफ आक्रामक हो जाने और लगातर बने रहने की जरूरत पर बल देते हैं। 11 सितंबर 2001 के बाद अमेरिका अफगानिस्तान और इराक के खिलाफ युद्ध छेड़ने के साथ दुनिया के हर हिस्से में अपना सैन्य केंद्र स्थापित कर रहा है। सिर्फ रक्षा पर वो इतना खर्च कर रहा है जितना पूरी दुनिया मिलकर अपनी सेना पर खर्च करती है। इस अमेरिकी बारूद की गंध को सलाम करते हुए न्यूयार्क टाइम्स के एक पत्रकार ग्रेग इस्टरब्रुक महोदय कहते हैं कि आज अमेरिका की सैन्य ताकत का पूरी दुनिया में सानी नहीं है। यह रोमन सम्राज्य के ताकतवर सैन्य टुकड़ियों और 1940 के वेरमैक्ट से भी कई गुना ताकतवर सेना के रूप मे जानी जाती है। बुश प्रशासन में मौजूद नवरूढ़िवादियों की आलोचनाएं भी होनी शुरू हो गईं और उन्हे बाहर का रास्ता दिखाने की मांग भी जोर पकड़ती जा रही है 'इन कमीनों को बाहर फैंका जाय '। लेकिन सरकार चलानेवाले बुश प्रशासन पर रत्ती भर भी इसका प्रभाव नहीं पड़ा है। सम्राज्यवाद और सैन्यवाद की योजनाओं को अंजाम यही नवरूढ़िवादी दे रहे हैं। उदाहरण के लिए लॉस एंजेल्स के कैर्लिफोर्निया विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र पढ़ानेवाले मिशेल मान अपनी किताब "इनकोहरेंट एंपायर "(2003) में कहते हैं कि इस नवरुढ़वादियों की चौकड़ी ने जार्जबुश के कार्यकाल में व्हाइट हाउस और रक्षा विभाग पर कब्जा कर लिया है। मान इसका अंतिम इलाज इन सैन्यवादियों के निष्कासन में देखते हैं। इस बारे में विचार करते हुए हम एक अलग किस्म के निर्णय पर पहुंचते हैं। जिसमें अमेरिकी सैन्यवाद और सम्राज्यवाद की गहरी जड़ें अमेरिकी इतिहास और इसके पूंजीवाद के राजनीतिक- आर्थिक तर्कों में समाहित है। इस बात को अब अमेरिकी सम्राज्यवाद के घनघोर समर्थक भी स्वीकारने लगे हैं कि पूत के पांव तो पालने से ही दिखने शुरू हो गए थे। बूट अमेरिकी सम्राज्यवाद (?) में लिखते हैं कि करीब 1803 मे जब थामस जैफर्सन ने लुसियाना क्षेत्र को खरीदा तभी से अमेरिका एक सम्राज्यवादी देश के तौर पर स्थापित हो चुका था। पूरी 19 वीं शताब्दी में जिसे जैफर्सन 'मुक्ति का शासन' नाम देते हैं, यह पूरे महाद्वीप तक फैल चुका था। आगे चलकर 1898 में स्पैनिश-अमेरिकी युद्ध में अमेरिका विजेता बना और जमीनों को उपनिवेश बना डाला। उसके तत्काल बाद फीलिपीन-अमेरिका युद्ध में श्वेतों के वर्चस्व को जायज ठहराने की कोशिश की। दूसरे विश्वयुद्ध के बाद अमेरिका सहित उसके सहयोगी सम्राज्यवादी देशों ने पुराने राजनैतिक जामा को भले ही छोड़ दिया लेकिन उसकी जगह एक आर्थिक सत्ता के लिए सैन्य ताकत के इस्तेमाल का भी दरवाजा खोल दिया। शीतयुद्ध में यह राज छुपा रहा, लेकिन नवउपनिवेशवाद के याथार्थ में आने के बाद यह खुलकर सामने आ गया। ऐसी सत्ताओं का उदय केवल अमेरिका के लिए या फिर किसी राज्य विशेष का गुण भर नहीं है बल्कि यह पूंजीवाद के तर्क और उसके पूरे इतिहास की अवश्यभावी परिणति है। पंद्रहवीं और सोलहवीं शताब्दी के अपने जन्मकाल से ही पूंजीवाद एक वैश्विक विस्तार वाली व्यवस्था के रूप में मौजूद रहा है। वर्चस्व के स्तर पर यह महाध्रुवीय और उपध्रुवीय, केंद्रीय और सहयोगी शाखाओं के बीच बंटा रहा। आज सम्राज्यवादी व्यवस्था का उद्देश्य सहयोगी देशों की अर्थव्यवस्था में मुख्यधारा वाले पूंजीवादी देशों के निवेश को आसान बनाना है। इसमें सबसे बड़ा फायदा कच्चेमाल की सस्ती आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए अतिरिक्त आर्थिक उत्पादन को सहयोगी देशों के मार्फत बाकी देशों में बेचना है। तीसरी दुनिया इसमें सस्ते श्रम के स्रोत के रूप में जगह बनाती है। सहयोगी देशों की अर्थव्यवस्था अमेरिका की बाहरी जरूरतों को पूरा करने के साथ बाकी मुख्य पूंजीवादी देशों की अंदरूनी जरूरतों को भी पूरा करती है। परिणाम स्वरूप दुनिया के गरीब देश ( कुछ अपवादों को छोड़कर ) धनी देशों पर पूरी तरह निर्भर होने के साथ भयंकर ऋणजाल में फंस गए।1980 के रीगन युग में संयुक्त राज्य अमेरिका ने अपनी आक्रामक शीतयुद्ध का नवीनीकरण करते हुए हथियारों की होड़ में इजाफा किया। साथ ही उसी वक्त 1970 की क्रान्तियों को पलटने को पलटने का भी प्रयास किया। अफगानिस्तान में सोवियत सेनाओं के खिलाफ गुप्त युद्ध को जारी रखा। यह फेहरिस्त यहीं नहीं रुकती। सद्दाम हुसैन शासित इराक को सैन्य और आर्थिक सहायता देने के साथ 1980-88 में हुए इराक-इरान युद्ध में भी इसने इराक का समर्थन किया। इस दौरान इसने मध्य-पूर्व में अपनी सीधे तौर पर सैन्य हस्तक्षेप को बढाया और इसी क्रम में 1980 के शुरुआत में लेबनान में असफल हस्तक्षेप किया गया (अमेरिका यहां से 1983 के मैरिन बैरक के विनाशकारी बमबारी के बाद हटा)। पूरी दुनिया के विश्व क्रान्तिकारी आन्दोलनों और अमित्र देशों को काबू में करने के लिए बनायी गयी गुप्त कार्यवाहियों को प्रायोजित किया। मुख्य छद्म युद्ध निकारागुआ में सान्डीनिस्टा के विरुद्ध किया गया। इसके अलावा अल-सल्वाडोर और ग्वाटेमाला में क्रान्तिकारी ताकतों के भी खिलाफ इसका इस्तेमाल किया गया। 1983 में अमेरिका ने ग्रेनाडा के एक छोटे द्वीप को जीत लिया। 1989 के दिसंबर महीने में रीगन के उत्तराधिकारी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्लू बुश मध्य अमेरिकी महाद्वीप पर पुर्ननियन्त्रण की योजना के बतौर पनामा पर भी अधिकार किया। लेकिन सम्राज्यवाद के छद्म युद्ध का पूरा खुलासा 1989 में सोवियत ब्लॉक टूटने के बाद हुआ। "अमेरिकन एम्पायर"(2000) में एंड्रीव वेसेविच लिखते हैं कि "1898 की (स्पेन -अमेरिका युद्ध में)विजय ने पूरे कैरिबियन द्वीप को एक अमेरिकी झील में बदल दिया था ठीक उसी तरह जैसे 1989 के शीतयुद्ध में मिली विजय ने पूरी धरती को संयुक्त राज्य अमेरिका के अधीन ला खड़ा किया। उसके बाद से तो अमेरिकी स्वार्थ पर कोई पाबंदी लगने वाला ही नहीं बचा। (177)।" विश्व मंच से सोवियत यूनियन के अचानक विघटन के बाद तो मध्य-पूर्व में यूएसए की सैन्य हस्तक्षेप की संभावना और बढ गयी। यह हुआ भी और 1991 के बसंत में यह युद्ध शुरू भी हो गया। यद्यपि कि अमेरिका को इराक के करीब देश कूवैत पर चढाई की योजना की जानकारी पहले से थी लेकिन तब तक कोई आपत्ति नहीं की गई जबतक कि इराक ने उसको व्याहारिक रूप नहीं दे दिया। (इसके लिए सद्दाम हुसैन के वक्तव्य और अमेरिकी राजदूत ऐप्रिल ग्लास्पी की प्रतिक्रिया को देखें-न्यूयार्क टाइम्स इन्टरनेशनल, सितम्बर23,1990) इराक पर चढ़ाई के बहाने संयुक्त राज्य अमेरिका को मध्यपूर्व एशिया में सैन्य हस्तक्षेप का बहाना मिल गया। खाडी युद्ध में 100,000 से 200,000 के बीच इराकी सैनिक मारे गये और कम से कम 15,000 इराकी नागरिक सीधे अमेरिका और ब्रिटिश सेनाओं की बमबारी में मारे गये (पॉलिटिकल इकॉनामी की रिसर्च यूनिट, बिहाइन्ड दी इनवैजन ऑफ इराक, 2003)। इस युद्ध की मुख्य उपलब्धियों पर टिप्पणी करते हुए राष्ट्रपति बुश ने अप्रैल 1991 में यह ऐलान किया कि भगवान कसम हमने वियतनाम सिंड्रोम को हरा दिया है। हालांकि इराक पर आक्रमण और उस पर कब्जे की योजना को कई खास वजहों से अंजाम नहीं दिया गया। एक तो डर ये था कि उन्हें अरब देशों का समर्थन न मिले दूसरा था सोवियत ब्लॉक के ध्वस्त होने के बाद राजनीतिक उठापटक। 1990 के दशक के बाकी वक्त में अमेरिका की सत्ता खासतौर पर डेमोक्रेट बिल क्लिंटन के हाथ में रही। उस दौरान भी अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप हॉर्न ऑफ अफ्रीक (इथोपिया और सोमालिया जैसे देशों के भौगोलिक आकार पर दिया नाम) और मध्य एशिया के अलवा पूर्वी यूरोप तक जा पहुंचा था। इस चरण के सैन्य अभियान की परिणति यूगोस्लाविया (कोसोवो) में 11 हफ्ते तक की बमबारी के रूप में सामने आया। जिसके बाद यहां नाटो की जमीनी सेनाएं घुस गईं। जातीय संघर्षों को रोकने के नाम पर बाल्कन में हुई यह घुसपैठ अनुमानत: पूर्व सोवियत संघ के उन क्षेत्रों पर कबिज होने की कोशिश थी जहां सोवियत प्रभाव थोड़ा बहुत बचाखुचा था। बीसवीं शताब्दी के आते-आते तो अमेरिकी के सत्ताधारी कुलीनों ने साम्राज्यवाद ने ऐसे कठोर नीति की ओर रुख किया जो शताब्दी की शुरुआती सालों देखने को नहीं मिला था। अब तो अमेरिकी सम्राज्यवाद के लिए पूरी धरती ही निशाने पर आ गई। हालांकि उस वक्त वैश्वीकरण के विरोध की लहर भी उठ रही थी और 1999 में सिएटेल इसका सबसे बेहतर उदाहरण बना। लेकिन अमेरिकी सत्ता प्रतिष्ठान उतनी ही तेजी से 21वीं सदी के साम्राज्यवाद को विस्तार दे रहा था। इसके तहत अमेरिकी प्रभुत्व वाले देशों के भीतर नवउदारवादी वैश्वीकरण अपना पैर जमा रहा था। न्यूयार्क टाइम्स में अमेरिकी विदेश नीति के स्तंभकार और पुलित्जर पुरस्कार विजेता थामस फ्रिडमैन कहते हैं कि बाजार में सक्रिय अदृश्य हाथ के सक्रिय होने के लिए अदृश्य मुट्ठीयां जरूरी है यानी मैकडॉनल्ड की सफलता एफ-15 बनाने वाले मैकडॉनल्ड डगलस पर निर्भर है। कुल मिलकार सिलकॉन वैली को सुरक्षित रखने वाली यह अदृश्य मुट्ठी है अमेरिकी राज्य सेना, वायुसेना, जलसेना और मरीन कॉर्पस्। वैसे इस अदृश्य मुट्ठी का बहुत छोटा हिस्सा ही छुपा हुआ है और आनेवाले समय में इसकी अदृश्यता और कम होती जाएगी। यह तो निश्चित हो गया है कि सम्राज्यवाद अब धीरे-धीरे चरणबद्ध तरीके से सैन्यवादी सम्राज्यवाद में विकसित हो रहा है। 1990 से ही अमेरिकी सत्ता के गलियारों में यह बहस जोरों पर है कि आखिर अमेरिकी मुहिम का स्वरूप क्या होगा जबकि अब उसे सोवियत संघ जैसी ताकत की भी चुनौती नहीं है और वह दुनिया का अकेला महाशक्ति बन चुका है। समान्यत: कभी भी अमेरिकी प्रभुत्व वाले वैश्विक शासन के आर्थिक स्वार्थों को लेकर कभी भी कोई संदेह नहीं रहा है। 1990 में वैश्वीकरण की नवउदारवादी व्याख्या अपनी ताकत दिखाने लगी खासकर जब पूंजी के प्रवाह पर लगनेवाले प्रतिबंधों को हटा दिया गया। जिसके साथ ही धनी देशों की ताकत में बेपनाह इजाफा हुआ और वे विश्व अर्थव्यवस्था के केंद्र में आ गए और गरीब देश उनके पिछलग्गू बने रहे। इस मामले में विश्व व्यापार संगठन का विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष के सहयोगी के रूप में उभरना एक बड़ी घटना थी। इस संगठन ने आर्थिक मंच पर एकाधिकार पूंजी के नए नियमों को शक्ल देना शुरू किया। दुनिया के ज्यादातर देशों में यह धारणा प्रबल होने लगी कि आर्थिक सम्राज्यवाद अब अपनी वीभत्स चेहरा दिखाने लगा है। दुनिया की अर्थव्यवस्था के केंद्र के रूप में तो यह जरूर उभरा और उसके दम पर वैश्वीकरण के नवउदारवादी मॉडल को एक रुतबा भी हासिल हुआ लेकिन 1997-98 में एशियाई वित्तीय संकट ने इसके वैश्विक स्तर पर वित्तीय कमजोरियों को उजागर कर दिया और यह संकेत भी दे दिया कि यह व्यवस्था कितनी ढीली है। हालांकि नए एकध्रुवीय व्यवस्था में अमेरिकी प्रभुत्व को बनाए रखने के लिए सैन्य शक्ति के इस्तेमाल की मात्रा और उसके असर को लेकर अमेरिकी सत्ता प्रतिष्ठान में एक बहस अभी भी जारी है। यहां साफतौर पर एक बात उभर रही है कि अगर नवउदारवाद आर्थिक मंदी का परिणाम है तो ऐसे में आर्थिक संकट के लागत को गरीब देशों की ओर धकेल देना चाहिए। अमेरिकी आर्थिक वर्चस्व में अगर कमी आती है तो दूसरे उपायों के जरिए भी उसे हासिल किया जा सकता है। यानी कुल मिलाकर सैन्य कार्रवाई भी अब इसका विकल्प बन सकता है। सोवियत संघ के विघटने के बाद जार्ज बुश के प्रशासन वाले अमेरिकी रक्षा विभाग ने अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा नीति को तत्काल बदलने की जरूरत महसूस की। अब इसे नए वैश्विक व्यवस्था के माकूल बनाने की कोशिश की गई। 1995 में इस बारे में रक्षा विभाग के के सहसचिव पॉल वोलफोविज के नेतृत्व में एक रिपोर्ट भी तैयार की गई । यह रिपोर्ट डिफेंस प्लानिंग गाइडेंस के नाम से काफी मशहूर हुई। इसमें साफतौर पर संकेत था कि आज अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के सामने सबसे बड़ी चुनौती अमेरिकी वर्चस्व को चुनौती देने वाली किसी भी ताकत को उभरने से रोकना है (न्यूयार्क टाइम्स,8 मार्च,1992)। आनेवाले समय में बहस अब इस ओर भी मुड़ती दिख रही है कि क्या 1990 की तरह अमेरिका को अपने वर्चस्व को कायम रखना चाहिए या फिर अब उसे बहुपक्षीय वाली व्यवस्था को अपना लेना चाहिए। डोनाल्ड रमश्फिल्ड और पॉल वोलफोविट्ज जैसे जार्ज डब्लू बुश के नायकों ने तो बकायदा एक नए प्रोजेक्ट "न्यू अमेरिकन सेंचुरी" की शुरुआत भी कर दी। जिसने बुश के व्हाइट हाउस में दोबारा चुने जाने का रास्ता तैयार किया था। उसी वक्त उपराष्ट्रपति के उम्मीदवार डिक चेनी के अनुरोध पर 'रिबिल्डिंग अमेरिकाज डिफेंस' (सितंबर, 2000) नाम से विदेश नीति को लेकर एक पेपर लाया गया। एक तरह से यह 'डिफेंश प्लानिंग गाइडेंस' का और विद्रूप रूप था जिसमें बहुत अक्रामक किस्म के बदलाव किए गए थे। 11 सितंबर 2001 के बाद तो इस नजरिए को अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति 2002 में शामिल कर लिया गया। इस नई नीति को गाजे-बाजे के साथ इराक के मुद्दे पर व्यावहारिक रूप दिया गया। व्यावहारिक अर्थों में यह राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति नए विश्वयुद्ध की घोषणा करता है। आमतौरपर जैसा कि हम देख चुके हैं कि नवरूढ़िवादियों ( जो 2000 में हुए विवादित चुनावों की देन हैं) ने इन नाटकीय बदलावों के जरिए बड़ी आसानी से अमेरिकी सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी, जिसे 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमले ने सैन्यवादी सम्राज्यवाद की अकांक्षा को और मजबूती दे दी। हालांकि सोवियत संघ के पतन के बावजूद अमेरिकी सत्ता ने उसी मुस्तैदी से द्विदलीय प्रोजेक्ट की परियोजना को जारी रखा जो कि शुरुआती दिनों में थी। क्लिंटन के कार्यकाल में भी अमेरिका पूर्व सोवियत राज्यों में आने वाले बाल्कन क्षेत्रों के युद्ध में शामिल रहा और उसकी कोशिश रही की वह मध्य एशिया में (पूर्व सोवियत शासित राज्य) के आसपास अपने सैनिक अड्डे को स्थापित कर ले। 1990 के अंतिम दिनों में तो अमेरिका ने इराक में रोजना बम गिराता रहा। 2004 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के डेमोक्रेट उम्मीदवार जॉन कैरी ने साफतौर पर कहा कि वो इराकी युद्ध और आतंक के खिलाफ मुहिम को कहीं ज्यादा दृढ़ निश्चय के साथ जारी रखेंगे और सैन्य संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। यानी कुल मिलाकर अंतर सिर्फ तरीके का। लेकिन अब हम हम इसे नग्न सम्राज्यवाद न कहें तो क्या कहें। ऐतिहासिक भौतिकवाद के नजरिए से अगर हम पूंजीवाद के आलोचना करें तो सोवियत संघ के बाद अमेरिकी सम्राज्यवाद की दिशा को लेकर किसी किस्म का संदेह बिल्कुल नहीं बचता है। पूंजीवाद खुद को वैश्विक स्तर पर लागू होने वाले सिस्टम के रूप में बताता है। लेकिन इसमें एक बड़ा अंतरविरोध है जैसे कि अंतरदेशीय आर्थिक स्वार्थों और राजनैतिक रूप से एक खास राष्ट्र राज्य के प्रति वचनबद्धता और ताज्जुब है कि यह इसे अजेय भी मानता है। फिर भी कुछ राज्य अपने को इस अंतरविरोध से उबरने की असफल कोशिश में दिखते हैं जबकि यह मूल तर्क का ही हिस्सा है। दुनिया के मौजूदा स्वरूप में अगर देखें तो एक खास पूंजीवादी राज्य मूल रूप से नष्ट करनेवाले साधनों का एकाधिकारी बन बैठा है। इस राज्य के लिए सबसे बड़ा लालच यह है कि उसका वर्चस्व पूरे जगत पर रहे और वह अपने को पूरी दुनिया को नियंत्रित करनेवाली सत्ता के रूप मे स्थापित होने के साथ यह दिमाग में भर दे कि विश्व अर्थव्यवस्था के लिए उसके द्वारा उठाया कदम अपरिहार्य है। मशहूर मार्क्सवादी दर्शनशास्त्री इस्तवान मेजारस ने जॉर्ज डब्ल्यू बुश के सत्ता ग्रहण के समय अपनी किताब सोशलिज्म ऑर बर्बरिज्म (?) में लिखते हैं कि इस ग्रह का कौन सा हिस्सा है जिसपर अभी कब्जा नहीं किया गया है..उसके आकार से हमें कुछ लेना देना नहीं है हो सकता है उससे कोई लाभ न हो। लेकिन बावजूद इसके कुछ प्रतिद्वंदियों की स्वतंत्र हरकत को हम नजरंदाज कर देते हैं लेकिन संपूर्णता में एक आर्थिक और सैन्य महाशक्ति की नजर उसपर बराबर है। अगर कुछ नहीं हुआ तो यह सर्वसत्तावादी उसे अपनी अक्रामक सैन्य शक्ति के जरिए सफाया भी कर सकता है। यह वैश्विक अराजकता एक अनजान खतरे के रूप में भी उभर रही है। इस क्रम में यह दो किस्म के प्रलय की ओर संकेत कर रही है। एक तो परमाणु उत्पादन, जिससे नाभकीय युद्ध के खतरे लगातार बढ़ रहे हैं और दूसरा है धरती का पर्यावरणीय खात्मा। बुश प्रशासन का परमाणु हथियारों को रोकने के लिए सीटीबीटी और धरती के बढ़ते तापमान के मुद्दे पर क्योटो प्रोटोकाल पर हस्ताक्षर से मुकर जाना इसका जीता जागता उदाहरण है। मई-जून 2005 में फॉरेन पॉलिसी के संस्करण में भूतपूर्व अमेरिकी रक्षामंत्री राबर्ट मैकनार्मा (केनेडी और जानसन के शासन के दौरान ) का एक लेख लिखा जिसका शीर्षक था "Apocalypse Soon" (आपदा के मुखपर ) जिसमें वो कहते हैं कि मेरे सात साल के कार्यकाल से लेकर अब तक कभी भी संयुक्त राज्य अमेरिका ने "पहले प्रयोग न करने" की नीति पर रजामंदी नहीं जताई है। हम अभी भी एक व्यक्ति यानी राष्ट्रपति के इशारे के इंतजार पर परमाणु हमला करने के लिए तैयार हैं चाहे वो देश परमाणु हथियारों से लैस या न हो। जहां भी हमारा हित टकराएगा हम ऐसा करने से नहीं चुकेंगे। पूरा राष्ट्र हमारी पारंपरिक सैन्य ताकत में यकीन रखता है और वैश्विक ताकत के साथ परमाणु संपन्न देश की इस इच्छा को हम पूरा करने के लिए तैयार हैं। इनके मुताबिक पूरी दुनिया एक खतरनाक मुहाने पर बैठी है। धरती के बढ़ते तापमान के लिए जिम्मेदार कॉर्बन डाइऑक्साइड का किसी और देश के मुकाबले अमेरिका ज्यादा उत्पादन करता है (करीब विश्व के कुल उत्पादन का एक चौथाई)। यह पर्यावरण और धरती के बढ़ते तापमान के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। यह सिलसिला जारी रहा तो हम एक सभ्यता से हाथ धो सकते हैं। आर्थिक जड़ता या फिर गरीब अमीर देशों के बीच बढ़ती खाई और उनके ध्रुवीकरण, अमेरिकी आर्थिक वर्चस्व में सेंध या फिर परमाणु हमले की संभावना जैसा किसी वैश्विक मुद्दे के जन्म लेते ही अमेरिका खुद को चिल्ला चिल्लाकर एक संप्रभु राष्ट्र होने की घोषणा करने लगता है। परिणाम स्वरूप यह अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता को बढ़ा देता है। यूरोपीय यूनियन और चीन की तरह दुनिया में कई और ताकतें सिर उठाने लगती हैं और ये ताकतें क्षेत्रीय और वैश्विक दोनों स्तर पर अमेरिकी वर्चस्व को चुनौती देने लगी हैं। तीसरी दुनिया भी एक बार कमर कसना शुरू कर चुकी है। इस प्रसंग में हम ह्यूगो सावेज के नेतृत्व में चलने वाले वेनेजुएला के बोलेबेरियन क्रांति को सबसे पहले जगह देंगे। अमेरिका मध्यपूर्व और उसके तेल खजाने पर अपनी पकड़ मजबूत बनाने की कोशिश में जुटा हुआ है। इराक में बढ़ते प्रतिरोध और कई विपरीत स्थितियों के मध्य अमेरिका आगबबूला हो उठा है। ऐसी स्थिति में उसने अपने नाभकीय हथियारों को फिर से तेल पिलाने के साथ ही वह उन सभी अंतराष्ट्रीय समझौतों को नकारने लगा है जहां ऐसे हथियारों पर रोक लगाने की बात कही गई है। नए देश खासकर उत्तरी कोरिया परमाणु क्लब में शामिल हो चुका है। आतंकी हमले की आशंका ने सम्राज्यवाद को तीसरी दुनिया के देशों में युद्ध का मौका दे रहा है। न्यूयार्क और लंदन जैसे शहर भी आतंकी हमले के डर में जी रहे हैं लिहाजा काम बहुत आसान हो गया है। लेकिन इतने बड़े पैमाने पर इस किस्म का ऐतिहासिक अंतरविरोध शायद पहली बार और खुले रूप में देखने को मिल रहा है। इसकी जड़ में देखें तो वैश्विक पूंजीवादी अर्थव्यवस्था का फिर से धरती पर कब्जा करने की सनक वाले वर्चस्ववाद को नया सहारा मिल गया है। यह गठजोड़ की नई किस्म सम्राज्यवाद के इतिहास की सबसे खतरनाक मोड़ साबित होगी। आज अमेरिका सहित दुनिया के तमाम पूंजीवादी देश इस समय दुनिया को वैश्विक बर्बरतावाद की ओर ले जा रहे हैं। लेकिन यह हमेशा याद रखना चाहिए कि मानव इतिहास में कुछ भी अपरिहार्य नही है। ऐसे में एक और वैकल्पिक रास्ता बचता है जहां वैश्विक स्तर पर हम ऐसे समाज के लिए लड़ाई लड़ सकते हैं जो ज्यादा मानवीय होने के साथ वर्गरहित और लंबे समय बना रह सके। पारंपरिक रूप से ऐसे समाज को हम समाजवादी समाज कहते हैं। इस संघर्ष के लिए हमें सबसे पहले व्यवस्था की सबसे कमजोर कड़ी पर चोट करना चाहिए इसके बाद वैश्विक स्तर पर भी नंगे सम्राज्यवाद के खिलाफ एक प्रतिरोध का मोर्चा भी बनाना होगा। अनुवाद-दीपू राय

अपने ही घर मे मैं मेहमान हो गया हूँ...

इन पुरानी राहों से परेशान हो गया हूँ,अपने ही घर मे मैं मेहमान हो गया हूँ,
एक नई दुनिया, नई मंज़िलों की तलाश मे निकला था घर से,आज उन पुरानी राहों की तरह मैं भी वीरान हो गया हूँ,
एक पल को लगा कि आसान होगा भुलाना पुरानी बातों को,पर हर वक्त सताती इन यादों से परेशान हो गया हूँ,
हर राह पर खुले दरवाज़ों के साथ एक नया घर नज़र आता था,वक्त के साथ लोगों की बेरुखी देख हैरान हो गया हूँ,
सोचा था कि अपनो के लिए खुशियाँ खोजूँगा,पर उन बहते आँसूओं मे बस पल दो पल की मुस्कान हो गया हूँ,
एक पंछी की तरह बादलों को छूने की चाह रखता था,आज इन ऊँचाईयों मे आ कर मानो खाली आसमान हो गया हूँ,
लोग कहते हैं कि ऐसे जीने की भी आदत हो जाएगी,ऐसी ज़िन्दगी की तलाश मे मै खुद ही श्मशान हो गया हूँ,
इन आँखों के खालीपन से मैं परेशान हो गया हूँआज अपने ही घर मे मैं मेहमान हो गया हूँ

Saturday, September 8, 2007

लियोनार्दो द विंची ब्रश से नहीं अंगूठे से बनाता था चित्र

चिट्ठाजगत

एक नई शोध के बारे में जानकारी मिली है वो आपके साथ शेयर करना चाहता हूं। दुनिया के विख्यात चित्रकार लियोनार्दो द विंची के चित्रों में जो आकर्षण होता था उसका मुख्य कारणा था कि वो अपने चित्र बनाने के दौरान कभी ब्रश का इस्तेमाल नहीं करता था वरन वह रंगों को कैनवास पर फैलाने के लिए अपने अंगूठे को ही काम में लाता था। यही नहीं द विंची कभी रंगों को कभी पैलेट में नहीं मिलाता था। उसे जब रंगों को मिलाना होता था तब उसे वह कैनवास पर ही मिलाता था। यही कारण है कि उसके चित्रों में थ्री डी का प्रभाव मिलता था। यह अनूठा शोध इटली के साइन्टिस्टों ने काफी लंबे अरसे में पूरा किया। द विंची का एक प्रसिद्ध चित्र मोनालिसा भी इसी तकनीक से बनाया गया है।

Friday, September 7, 2007

हिन्दुस्तान के गंगेश मिस्र अमर उजाला नोएडा में आउटपुट एडिटर बने

चिट्ठाजगत
हिंदी पत्रकारिता में अचानक आए बदलाव वाकई चौंकाने वाले है। जिस तेजी से हिंदी का बाजार बढ़ता जा रहा है उससे लगता हे जल्द ही हिंदी को अपना मुकाम मिल जाएगा और उसके लिए चिंतित होने वाले लोगों की चिंता दूर हो जाएगी। बदलाव और उठा-पटक का दौर इस साल फिर शुरु हो चुका है। पहले दैनिक जागरण नोएडा के समाचार संपादक राजीव सिंह ने लुधियाना में दैनिक भास्कर ज्वायन किया और अब हिन्दुस्तान दिल्ली से लंबे समय से जुड़े रहने वाले समाचार संपादक गंगेश जी ने अमर उजाला नोएडा में आउटपुट एडिटर के रुप में जाने का फैसला किया है। आने वाले दो महीनों में कई और लोगों के इधर-उधर होने की संभावना है।